नई दिल्ली। जवाहर नवोदय विद्यालयों (JNV) में शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का परिणाम मई या जून में जारी किए जाने की संभावना है।
कक्षा 9वीं के लिए चयन परीक्षा संबंधित जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित होगी, जबकि कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों का प्रवेश उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर किया जाएगा।
9वीं में प्रवेश की पात्रता
कक्षा 9वीं में आवेदन करने के लिए विद्यार्थी का संबंधित जिले का निवासी होना जरूरी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यार्थी उसी जिले के सरकारी स्कूल में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होना चाहिए। आवेदक का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना आवश्यक है। साथ ही निवास स्थान और कक्षा 7वीं में पढ़े स्कूल का जिला समान होना चाहिए। पिछले सत्र में कक्षा 7वीं पास कर चुके विद्यार्थी पात्र नहीं होंगे।
11वीं में प्रवेश के लिए नियम
कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए भारत का कोई भी नागरिक, जो 2026-27 में सरकार से मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 10वीं में पढ़ रहा है, आवेदन कर सकता है। जन्मतिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होना जरूरी है।
पढ़ाई और हॉस्टल की सुविधा मुफ्त
जवाहर नवोदय विद्यालय सीबीएसई से संबद्ध होते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ हॉस्टल, भोजन, यूनिफॉर्म और किताबों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। हालांकि, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से विद्यालय विकास निधि (VVN) के रूप में 600 रुपये प्रतिमाह लिए जाते हैं।