सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर बिछाए गए IED को निष्क्रिय करने के दौरान जोरदार विस्फोट हो गया। घटना में CRPF के चार जवान घायल हुए हैं। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस्तर आईजी ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, घटना भेज्जी थाना क्षेत्र के येलाड़मढ़गु कैंप के पास हुई। सुरक्षा बलों की टीम इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम को IED मिला, जिसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई शुरू की गई। IED डिफ्यूज करते समय अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में चार जवान आ गए।
घायल जवानों को तत्काल कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए तेलंगाना के भद्राचलम स्थित हायर सेंटर ले जाया जा रहा है।
घायल जवान CRPF की 50वीं वाहिनी और एंटी टेररिस्ट टीम (ATT) से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घायल जवानों की जानकारी
- ASI एम.के. तिवारी (ATT टीम) — गंभीर चोट
- ASI अनीश खान (CRPF 50वीं वाहिनी) — गंभीर चोट
- निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा (ATT टीम) — सामान्य चोट
- प्रधान आरक्षक कुलदीप राज (CRPF 50वीं वाहिनी) — सामान्य चोट
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक IED नक्सलियों द्वारा बिछाया गया था। सुरक्षा बल घटना के बाद इलाके में सर्चिंग कर रहे हैं और अन्य संभावित विस्फोटक उपकरणों की जांच की जा रही है।