रायगढ़ । नकली पुलिस बनकर वृद्ध महिला से सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपियों को चक्रधरनगर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला और घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ बस से सिग्नल चौक उतरे थे और पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी में सवार दो युवक उनके पास आए और खुद को पुलिसकर्मी बताकर किसी हादसे के बारे में पूछताछ करने लगे। आरोपियों ने आधार कार्ड दिखाने के बहाने बातों में उलझाया और इसी बीच वृद्धा के गले से सोने की माला झपटकर फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध स्कूटी की पहचान की गई। इसके आधार पर पुलिस ने चमार सिंह यादव और रामकुमार नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर ली है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया