चमोली सुरंग हादसा: CM साय ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार की सहायता के दिए निर्देश
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की दुखद घटना में कोंडागांव जिले के 4 श्रमिकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा हादसे में घायल दोनों श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
इस हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के 2, मदनार के 1 और दहीकोंगा के 1 श्रमिक की मृत्यु हुई है, जबकि जिले के 2 श्रमिक घायल हुए हैं। दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायल दोनों श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।