अंबिकापुर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच सरगुजा की रहने वाली और ब्रिटेन में डॉक्टर के रूप में कार्यरत डॉ. मीना गुप्ता के लापता होने की खबर सामने आई है। डॉ. मीना अंबिकापुर निवासी और वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी हैं। परिजनों के मुताबिक, 25 अगस्त की शाम उनसे आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
ईशा फाउंडेशन की टीम के साथ गई थीं मानसरोवर दर्शन के लिए
परिजनों के अनुसार, डॉ. मीना गुप्ता ईशा फाउंडेशन की टीम के साथ कैलाश मानसरोवर दर्शन के लिए गई थीं। बताया जा रहा है कि उनका ग्रुप एस-3 था, जिसमें करीब 77 सदस्य और 3 वालंटियर शामिल थे। दर्शन के दौरान परिवार से वीडियो कॉल पर भी बातचीत हुई थी।
डॉ. मीना के भाई के मुताबिक, कैलाश मानसरोवर से उनकी बहन ने वीडियो कॉल कर दर्शन के बारे में बताया था। इसके बाद टीम वापस लौट रही थी। सदगुरु ग्रुप से मिली जानकारी के अनुसार, टीम करीब रात 8:30 बजे इमिग्रेशन ऑफिस के आसपास थी। इसके करीब 9:15 बजे घटना होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद से टीम के किसी भी सदस्य से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
परिवार ने भारत और नेपाल सरकार से लगाई मदद की गुहार
डॉ. मीना के परिजन लगातार उनकी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। परिवार ने भारत और नेपाल सरकार से अपील की है कि लापता लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए हरसंभव मदद की जाए।
नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से बड़े पैमाने पर जनहानि और नुकसान की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, सैकड़ों लोगों की मौत हुई है और 1,500 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, नेपाल में 290 से अधिक भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पाने की बात भी सामने आई है। राहत और बचाव अभियान जारी है।