22 C
Raipur
Thursday, October 15, 2026
Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, 6 टीमें दिखाएंगी...

छत्तीसगढ़ में देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, 6 टीमें दिखाएंगी दम

Date:

Related stories

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर में होगा पहला सीजन, डिप्टी CM अरुण साव ने लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का किया अनावरण

रायपुर । छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाई देने की तैयारी शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक लीग के मुकाबले खेले जाएंगे। इसे देश में किसी राज्य द्वारा आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग बताया गया है, जिसका आयोजन हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को रायपुर के नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने लीग की तैयारियों और उद्देश्य की जानकारी दी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी में समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के जरिए इन खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा। उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। यह लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी माहौल से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

छह टीमें लेंगी हिस्सा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। ये टीमें प्रदेश की अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान और हॉकी प्रतिभाओं को एक मंच पर लेकर आएंगी।

‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी टैगलाइन

लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के जरिए भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। वहीं आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।

लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी बोली में यह टैगलाइन अपनत्व और आमंत्रण का भाव व्यक्त करती है, जिसका अर्थ है—“चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”

‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ है। बाघ के रूप में तैयार किया गया यह शुभंकर छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक है। ‘बघवा’ साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है और खिलाड़ियों की जुझारू भावना को दर्शाता है।

शीर्ष चार टीमें पहुंचेंगी सेमीफाइनल में

प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें लीग के पहले सीजन के विजेता का फैसला होगा।

प्रतियोगिता के दौरान सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त किए जाएंगे। इससे मैचों में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को सिर्फ खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा गया है। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी आनंद ले सकेंगे। खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories