28.5 C
Raipur
Saturday, October 10, 2026
Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में बारिश से टूटी सड़कों और पुलों की तत्काल होगी मरम्मत,...

छत्तीसगढ़ में बारिश से टूटी सड़कों और पुलों की तत्काल होगी मरम्मत, अरुण साव ने दिए निर्देश; 10 दिन में मांगे पुनर्निर्माण के प्रस्ताव

Date:

Related stories

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि प्रदेश में कहीं भी आवागमन बाधित न हो। जिन स्थानों पर अधिक नुकसान हुआ है, वहां पुनर्निर्माण और विशेष मरम्मत के प्रस्ताव 10 दिनों के भीतर तैयार करने को कहा गया है।

प्रदेश में 24 से 26 सितंबर तक लगातार हुई बारिश के कारण कई नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बनी। अनेक स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने मैदानी अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण और मरम्मत की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

ठेकेदारों को तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश

अरुण साव ने स्पष्ट किया है कि जहां क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत मौजूदा अनुबंध के तहत संभव है, वहां संबंधित एजेंसी और ठेकेदारों से बिना देरी काम कराया जाए। विभाग का लक्ष्य प्रभावित मार्गों पर जल्द से जल्द यातायात बहाल करना है। अधिक क्षति वाले हिस्सों में पुनर्निर्माण और विशेष मरम्मत के लिए आवश्यक राशि भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

फोटो-वीडियो से होगा नुकसान का आकलन

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने मुख्य अभियंताओं से लेकर उप अभियंताओं तक सभी मैदानी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। इसके आधार पर नुकसान का आकलन कर संभावित लागत की जानकारी तैयार की जाएगी और संबंधित कार्यालयों को भेजी जाएगी।

जिन मार्गों और पुलों के पुनर्निर्माण या विशेष मरम्मत की जरूरत है, उनके प्राक्कलन सक्षम अधिकारियों के समक्ष 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है। वहीं, सड़कों और पुलों के सुधार के लिए 15 दिनों में विशेष मरम्मत की स्वीकृति जारी करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थायी समाधान पर रहेगा जोर

विभाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत केवल अस्थायी रूप से न की जाए, बल्कि जरूरत के अनुसार स्थायी सुधार भी सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए टो-वॉल और कांक्रीट सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। पुलों के वियरिंग कांक्रीट, रेलिंग और अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी जल्द कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, बारिश से प्रभावित सड़कों और पुल-पुलियों को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाने के लिए मरम्मत, विशेष सुधार और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories