रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 13 सितंबर को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ के दक्षिण और मध्य हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
13 सितंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
14 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। इसके बाद मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटे में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। रायपुर और बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग की सलाह
बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम विभाग के स्थानीय अपडेट और चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।