रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने बस्तर में पहली बार तिरंगा फहराए जाने को लेकर कांग्रेस के बयान पर पलटवार किया।
सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि चार दशकों से ज्यादा समय तक बस्तर नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। अब नक्सलवाद के खात्मे के बाद 90 से ज्यादा गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा। कांग्रेस को इस बात पर खुश होना चाहिए।
संजय सिंह के आरोप पर CM साय का जवाब
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को ‘हाईजैक’ करने के आरोप पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पिछले ढाई साल में प्रदेश का विकास तेजी से हो रहा है।
सीएम साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के हर काम को पूरा किया जा रहा है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास का वादा पूरा किया गया है और 70 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की राशि पहुंच रही है।
PM मोदी के नेतृत्व में बन रहा नया भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आर्थिक क्षेत्र समेत हर क्षेत्र में देश ने तेजी से प्रगति की है। भारत आर्थिक क्षेत्र में 10वें स्थान से आगे बढ़कर चौथे स्थान पर पहुंचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सशक्त और समृद्ध नए भारत का निर्माण कर रहे हैं।