बिलासपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में बिलासपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में जिले के हजारों लोग शामिल हुए और लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया।

पदयात्रा के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भीड़तंत्र के माध्यम से देश में अराजकता फैलाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश के विकास को रोकने की कोशिश कर रही है।
अरुण साव ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास वोट ही नहीं हैं, तो चोरी कहां से होगी। जनता कांग्रेस को वोट नहीं दे रही है। कांग्रेस जनता का दिल और विश्वास जीतने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं है और चुनाव में हार के बाद वह बहाने बना रही है।

उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नए भारत में अराजकता नहीं चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस पदयात्रा में वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, विधायक धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।