Gen-Z युवा वर्ग ने सामाजिक न्याय, आरक्षण और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा को लेकर किया रैली का आह्वान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के Gen-Z युवा वर्ग की ओर से 20 सितंबर 2026 को राजधानी रायपुर में ‘संवैधानिक आरक्षण बचाओ रैली’ का आयोजन किया जाएगा। रैली दोपहर 2 बजे अंबेडकर चौक से शुरू होकर राजभवन तक निकाली जाएगी।
रैली के आयोजकों ने सामाजिक न्याय, समान अवसर, प्रतिनिधित्व और संविधान प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग को लेकर लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। अपील में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और आजीविका के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
ये हैं प्रमुख मांगें
आयोजकों ने पदोन्नति में आरक्षण के नियमों को लागू करने, आरक्षण रोस्टर का समुचित संधारण करने और लंबित बैकलॉग पदों को विशेष भर्ती अभियान के माध्यम से भरने की मांग की है। इसके साथ ही ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत और एससी वर्ग के लिए 13 प्रतिशत लंबित आरक्षण लागू करने की मांग भी रखी गई है।
रैली की अपील में आउटसोर्सिंग, संविदा और प्लेसमेंट के माध्यम से होने वाली भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने, छात्रवृत्ति राशि बढ़ाने, एससीएसपी और टीएसपी बजट के प्रभावी उपयोग तथा पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में ग्राम सभाओं के अधिकारों को मजबूत करने जैसे मुद्दे भी शामिल हैं।
आयोजकों ने आरक्षण, भर्ती, बैकलॉग और सामाजिक प्रतिनिधित्व से संबंधित रिपोर्ट विधानसभा में प्रतिवर्ष प्रस्तुत करने की मांग की है। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्रों की कथित अनियमितताओं की जांच और न्यायपालिका में एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्गों के प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दे भी अपील में उठाए गए हैं।
Gen-Z युवा वर्ग ने संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लोगों से रैली में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम विवरण:
- दिनांक: 20 सितंबर 2026
- समय: दोपहर 2 बजे
- स्थान: अंबेडकर चौक, रायपुर
- मार्ग: अंबेडकर चौक से राजभवन तक
- आयोजक: Gen-Z युवा वर्ग, छत्तीसगढ़