नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का अवसर दिया है। CRPF ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल (GD) और कांस्टेबल (GD) के कुल 521 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें हेड कांस्टेबल के 182 और कांस्टेबल के 339 पद शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवार 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में बैडमिंटन, बॉडीबिल्डिंग, बॉक्सिंग, फुटबॉल, हैंडबॉल, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, वुशु और योग समेत कुल 22 खेलों को शामिल किया गया है।
उम्र सीमा और वेतन
उम्मीदवार की आयु 1 अगस्त 2026 को 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 2 जनवरी 2003 से पहले और 1 जनवरी 2008 के बाद का नहीं होना चाहिए। खिलाड़ियों को अधिकतम 5 वर्ष तक की आयु में छूट दी जाएगी, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अतिरिक्त छूट मिलेगी।
हेड कांस्टेबल (GD) पद के लिए वेतनमान 25,500 से 81,100 रुपये और कांस्टेबल (GD) के लिए 21,700 से 69,100 रुपये निर्धारित है।
कांस्टेबल पद के लिए योग्यता
कांस्टेबल (GD) के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही अभ्यर्थी ने जूनियर या सीनियर नेशनल गेम्स में हिस्सा लिया हो अथवा मान्य राष्ट्रीय खेल, स्टेट स्कूल टीम या SGFI स्कूल गेम्स में पदक या तीसरा स्थान हासिल किया हो।
यूनिवर्सिटी गेम्स, खेलो इंडिया यूथ गेम्स और खेलो इंडिया विंटर गेम्स में राज्य या केंद्रशासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक या तीसरा स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी भी पात्र होंगे। इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी पात्रता में शामिल किया गया है।
हेड कांस्टेबल के लिए 12वीं पास होना जरूरी
हेड कांस्टेबल (GD) पद के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना आवश्यक है। ऐसे खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो या नेशनल गेम्स में राज्य/केंद्रशासित प्रदेश की ओर से हिस्सा लिया हो।
नेशनल गेम्स में पदक या कम से कम तीसरा स्थान हासिल करने वाले, इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में प्रदर्शन करने वाले तथा जूनियर नेशनल गेम्स या चैंपियनशिप में गोल्ड या सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी भी पात्रता के दायरे में हैं। पूर्व सैनिकों के लिए निर्धारित सैन्य योग्यता मान्य होगी।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन प्रक्रिया में पहचान जांच, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षा (PST), स्पोर्ट्स ट्रायल, मेडिकल परीक्षा और जरूरत पड़ने पर रिव्यू मेडिकल परीक्षा शामिल होगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। महिला उम्मीदवारों के साथ SC, ST और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
कुल 521 पदों में हेड कांस्टेबल के 182 और कांस्टेबल के 339 पद शामिल हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 30 सितंबर है।