रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 सहित प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
फर्टिलाइजर प्लांट से रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना से राजनांदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पर भी सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इसी दिशा में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता
सीएम साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़े निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने। राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।