5 सितंबर को अवधपुरी मैदान में होगा 16वां भव्य दही हांडी उत्सव, विभिन्न राज्यों से पहुंचेंगी गोविंदा टोलियां
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में 5 सितंबर 2026, शनिवार को भव्य दही हांडी उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के विशेष सहयोग से होने वाला यह आयोजन दोपहर 3 बजे से अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में आयोजित होगा।
आयोजन के 16वें वर्ष में इस बार दही हांडी प्रतियोगिता को और भव्य रूप दिया गया है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। विजेता टोली को 15 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि अन्य प्रतिभागी टोलियों को समिति की ओर से सांत्वना राशि भी प्रदान की जाएगी।
अब तक 26 गोविंदा टोलियों ने कराया पंजीयन
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू ने बताया कि अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की करीब 26 गोविंदा एवं महिला गोविंदा टोलियों ने पंजीयन कराया है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टोलियों ने प्रतियोगिता के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
B Praak और लखबीर सिंह लक्खा की होगी प्रस्तुति
दही हांडी उत्सव में धार्मिक आयोजन के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। मशहूर गायक B Praak, अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियां देंगी। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।
पुरुष, महिला और ग्रीसयुक्त खंभा दही हांडी प्रतियोगिता
इस बार पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीसयुक्त खंभा दही हांडी प्रतियोगिता भी आयोजन का विशेष आकर्षण होगी। अलग-अलग राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां अपने साहस, उत्साह और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी।
सुरक्षा के लिए किए गए विशेष इंतजाम
आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं और गोविंदा टोलियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किए गए हैं।
समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही प्रतियोगिता के दौरान किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की स्वयं की होगी।
बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने कृष्ण भक्तों, युवाओं और रायपुरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ यादगार बनाया जाएगा।
वार्ता में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेन्द्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल समेत आयोजन समिति से जुड़े अन्य सदस्य मौजूद रहे।