रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कथित तौर पर अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। इस मामले को लेकर राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े वीरेंद्र दुबे ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 21 अगस्त को उन्हें इंस्टाग्राम पर एक वीडियो/रील प्राप्त हुई थी। आरोप है कि इस वीडियो में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को लेकर कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में दावा किया गया कि वीडियो ‘सागर निर्मलकर’ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया था।
इसके अलावा शिकायत में एक अन्य इंस्टाग्राम आईडी ‘quail.3131469’ का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इस अकाउंट से उक्त वीडियो पर कथित तौर पर अश्लील और गाली-गलौज वाले कमेंट किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर पूरे मामले की जांच करने और लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के साथ कथित आपत्तिजनक वीडियो का लिंक, स्क्रीनशॉट और संबंधित इंस्टाग्राम प्रोफाइल के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए थे।
अब इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और संबंधित अकाउंट की जानकारी के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही संबंधित अकाउंट संचालकों की पहचान और पोस्ट की वास्तविकता की भी जांच की जाएगी।

शिकायतकर्ता वीरेंद्र दुबे का कहना है कि सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह की कथित अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
