28.5 C
Raipur
Saturday, October 10, 2026
Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, CM विष्णुदेव साय ने प्रशासन को...

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, CM विष्णुदेव साय ने प्रशासन को सतर्क रहने के दिए निर्देश

Date:

Related stories

रायपुर । छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि भारी बारिश के कारण कहीं भी किसी प्रकार की आवश्यकता उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों से दूर रहने तथा जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेषकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें। गिरे हुए बिजली के तारों और विद्युत संबंधी किसी भी खतरे से दूर रहें तथा इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस या स्थानीय प्रशासन को दें।

मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 अथवा स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करें। मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन एवं अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक संदेशों को आगे नहीं बढ़ाने की अपील भी की है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और परस्पर सहयोग बेहद जरूरी है। आसपास किसी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता होने पर यथासंभव मदद करें और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories