रायगढ़ (छत्तीसगढ़): जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में बरोद गांव स्थित कुरकुट नदी पुल के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों गाड़ियों के केबिन आग की लपटों में घिर गए। दोनों वाहनों के चालक केबिन के अंदर फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इनमें से एक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दूसरे चालक की स्थिति आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की मुख्य वजह तेज और अनियंत्रित रफ्तार बताई जा रही है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, उसे पहले से ही ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है और यहां पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल वाहनों की मदद ली गई। थाना प्रभारी कुमार गौरव ने एक ड्राइवर की मौत की पुष्टि की है। मामले की जांच जारी है।