28.5 C
Raipur
Saturday, October 10, 2026
Homeछत्तीसगढ़भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल, कर्मवीर को छत्तीसगढ़ की कमान; अजय जामवाल...

भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल, कर्मवीर को छत्तीसगढ़ की कमान; अजय जामवाल महाराष्ट्र और पवन साय झारखंड भेजे गए

Date:

Related stories

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राष्ट्रीय सह महामंत्री और प्रदेश महामंत्रियों की नियुक्ति की है। नई जिम्मेदारियों में छत्तीसगढ़ संगठन में भी बदलाव किया गया है। कर्मवीर को छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है।

वहीं, छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी संभाल रहे अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, पवन राणा को दिल्ली एवं हरियाणा और चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

कौन हैं कर्मवीर?

छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 1993 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में अपने संगठनात्मक जीवन की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली से की थी।

कर्मवीर ने तहसील प्रचारक और नगर प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद फतेहपुर सीकरी (आगरा) और अलीगढ़ महानगर प्रचारक तथा मथुरा जिला प्रचारक के रूप में काम किया। आगे चलकर एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग के विभाग प्रचारक की जिम्मेदारी भी संभाली।

वर्ष 2015 में उन्हें मेरठ प्रांत (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) का सह प्रांत प्रचारक बनाया गया। 2019 में उन्होंने ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

वर्ष 2020 में कर्मवीर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) बने। इसके बाद अगस्त 2022 से वह झारखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories