रायपुर। अभनपुर क्षेत्र के ग्राम भलेरा स्थित धान खरीदी केंद्र में धान को पानी से भिगोने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चार कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में धान के स्टैक पर पानी डालते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे थे, जिसके बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था और खरीदी केंद्र में जमकर हंगामा भी हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि धान को भिगोकर उसका वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
मामले की शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया था। प्राथमिक जांच में लापरवाही और अनियमितता सामने आने के बाद चार कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है उनमें प्रभारी समिति प्रबंधक विष्णु साहू, लिपिकीय सहायक उमेश कुमार साहू, प्रोसेस सर्वर इन्द्रमान निषाद और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी जितेन्द्र साह शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।