रायपुर/दिल्ली। छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने के बाद सुखदेव भगत ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। यह छत्तीसगढ़ प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी राहुल गांधी से पहली मुलाकात बताई जा रही है।

सुखदेव भगत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी से हुई मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से आत्मीय मुलाकात हुई और छत्तीसगढ़ का दायित्व सौंपने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन के प्रति बड़ी जवाबदेही भी है। भगत ने विश्वास जताया कि कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, मजबूत संगठन और जनता के विश्वास के बल पर पार्टी छत्तीसगढ़ में सत्ता में वापसी का संकल्प पूरा करेगी।
उन्होंने पोस्ट के अंत में लिखा— “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।”