रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से जारी पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और सकारात्मक चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की है। रविवार को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटवारियों की समस्याओं को गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए उनकी मांगों के निराकरण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण करेगी और उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं सरकार को सौंपेगी।
मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ हुई कार्यवाहियों के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से होना चाहिए। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के प्रति संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश के बाद पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
गौरतलब है कि पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। पीवी ऐप की विसंगतियों को दूर करने, वेतन विसंगति और पदोन्नति सहित अन्य मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा था। हड़ताल स्थगित होने से प्रदेश में राजस्व संबंधी कामकाज दोबारा गति पकड़ने की उम्मीद है।