रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को भगवान श्रीगणेश की विसर्जन झांकियां भव्यता और श्रद्धा के साथ निकाली गईं। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर रायपुर डाकघर के सामने अखिल भारतीय संत समिति के मंच पर साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने झांकियों का स्वागत किया और समितियों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में महात्यागी रामरूपदास जी महाराज, महामंडलेश्वर सर्वेश्वर दास जी महाराज, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दक्षिण कौशल के पीठाधीश्वर महंत राजीव लोचन दास, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, नंदन जैन, अमरजीत सिंह, किशोर महानंद, आकाश विग और भाजपा नेता एवं समाजसेवी बसंत अग्रवाल सहित अनेक साधु-संत और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ढोल-ताशों की थाप पर युवाओं के साथ थिरके बसंत अग्रवाल
विसर्जन झांकियों के नगर भ्रमण के दौरान भाजपा नेता एवं समाजसेवी बसंत अग्रवाल भी उत्सव के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने भगवान गणेश की आरती कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद आम लोगों के बीच पहुंचकर ढोल-ताशों की थाप पर युवाओं के साथ जमकर थिरके। उनके इस अंदाज से आयोजन में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ा।
इस दौरान बसंत अग्रवाल ने मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान गणेश से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बप्पा का आशीर्वाद प्रदेश के हर घर, किसान, युवा और माता-बहनों पर बना रहे।
झांकियों को बताया आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
बसंत अग्रवाल ने रायपुर की गणेश विसर्जन झांकियों की सराहना करते हुए कहा कि शहर में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव की झांकियां आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक विरासत और अटूट आस्था का प्रतीक हैं।
उन्होंने विशाल आयोजन के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए गणेश उत्सव समितियों, झांकी कलाकारों, नागरिकों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया। शोभायात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न समितियों की झांकियों का स्वागत किया और श्रद्धालुओं एवं झांकियों पर पुष्पवर्षा कर उत्साहवर्धन किया।
1 अक्टूबर को होगा झांकी प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह
अखिल भारतीय संत समिति की ओर से गणेशोत्सव के दौरान निकाली गई भव्य झांकियों को सम्मानित करने के लिए 1 अक्टूबर 2026 को झांकी प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से माँ भारती विद्यालय, मच्छी तालाब, गुढ़ियारी, रायपुर में होगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों ने गणेश उत्सव समितियों, झांकी कलाकारों और नागरिकों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।