23.1 C
Raipur
Sunday, August 30, 2026
Homeछत्तीसगढ़नारी के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़: CM साय

नारी के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़: CM साय

Date:

Related stories

बिजली के निजीकरण को लेकर कांग्रेस फैला रही भ्रम : CM विष्णुदेव साय

CM साय बोले- रूटीन प्रक्रिया को निजीकरण से जोड़ना...

नारी शक्ति सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान, 13.85 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी

रायपुर । राजधानी रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में रविवार को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, साइबर सुरक्षा, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है तो परिवार, समाज और देश भी आगे बढ़ता है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और आर्थिक स्वावलंबन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश की हर बेटी को अपने सपने पूरे करने का अवसर मिले और हर महिला आत्मविश्वास व आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़े।

महिला आयोग को न्याय के साथ जागरूकता पर भी देना होगा जोर

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को बधाई देते हुए कहा कि आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने में प्रभावी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि महिला आयोग की भूमिका केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं होनी चाहिए। आयोग को गांवों, कस्बों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रही महतारी वंदन की सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को मजबूत करने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 31 किस्तें महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करने का माध्यम बनी है।

13.85 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, कृषि, वनोपज, लघु उद्योग और स्वरोजगार के साथ आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रही हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को कौशल, पूंजी, बाजार और तकनीक से जोड़कर उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

481 महतारी सदनों का हो रहा निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण, बैठक और आर्थिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए सरस्वती साइकिल योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ पहल के तहत प्रदेश में 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।

नारी सशक्तिकरण से ही विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प पूरा होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है। इसके लिए समाज की सोच और व्यवस्था में भी सकारात्मक बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी पढ़ती है तो एक पीढ़ी शिक्षित होती है और जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ता है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से ही समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री ने भी किया संबोधित

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने महिला आयोग को पीड़ित और जरूरतमंद महिलाओं के लिए न्याय और विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने डॉ. ममता साहू को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तिकरण और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्य की उम्मीद जताई।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रजत उत्सव दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं के आत्मविश्वास और स्वाभिमान को मजबूती मिली है।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित विभिन्न निगम-मंडल एवं आयोगों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories