गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित कर विकास का कमल खिलाने के लिए जनता ने मन बना लिया है। डबल इंजन सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरी है, इसलिए तीसरी बार फिर से आशाओं का कमल खिलने जा रहा है। चुनावी मैदान में कांग्रेस कहीं नजर नहीं आ रही है और उसके नेताओं में निराशा व बिखराव की स्थिति है। जो अपनी पार्टी नहीं संभाल पा रही, वह विकास क्या करेगी। यह बात उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने असम प्रवास के दौरान लखीमपुर विधानसभा क्षेत्रों के दौरे में कही।
उप मुख्यमंत्री 25 फरवरी से चार दिवसीय असम प्रवास पर हैं और सोमवार को रायपुर लौटेंगे। प्रवास के दौरान उन्होंने लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के साथ गुवाहाटी में आयोजित संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया। असम भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
रविवार (1 मार्च) को उन्होंने धेमाजी, मसकुआ (सिसिबोरगांव विधानसभा) और जोनाई विधानसभा के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों व विस्तारकों के साथ बैठक की। शनिवार को तिनसुकिया जिला मुख्यालय में जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा की।
डूमडूमा और सदिया में आयोजित बैठकों में तैयारियों की समीक्षा करते हुए बूथ प्रबंधन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। लखीमपुर और नोबोइचा विधानसभा क्षेत्र में भी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव को लेकर मार्गदर्शन दिया। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने राज्य के विकास को नई गति दी है। वहीं मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम सरकार ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से असम लगातार प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में खुशहाल और विकसित असम के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान सुनिश्चित करें।
बैठक में विधायक एवं शिक्षा मंत्री डॉ. रोनुज पेगु, जोनाई विधायक भुबना पेगु, भाजपा सचिव मशेष देवरी, महेश देवड़ा, डूमडूमा विधायक एवं मंत्री रूपेश गोवाला, लखीमपुर विधायक मानव डेका, सदिया विधायक, जिला अध्यक्ष रूपा कमान, जिला प्रभारी भाबेन शर्मा सहित जिला, मंडल पदाधिकारी, विस्तारक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।