रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। मौसम खराब होने के कारण दोनों नेता कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके। समारोह में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, सम्मान और विकास के साथ बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि सरकार का संकल्प है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए प्रत्येक परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, बदल रही तस्वीर : नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि बस्तर में अब बंदूक की जगह खेल के मैदान और भय एवं हिंसा की जगह विश्वास तथा विकास का वातावरण बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब शिक्षा, खेल और कौशल विकास के जरिए अपने भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं। बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी इस बदलाव का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज भारत की संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार रहा है।
18 लाख आवासों की स्वीकृति, तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए स्वीकृति दी गई है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अब तक योजना की 33 किस्तों के माध्यम से करीब 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना दोबारा शुरू की गई है। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्रों में अखरा और देवगुड़ी के विकास के लिए भी काम किया जा रहा है।
कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता मिलेगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु और सीमांत किसानों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।
जनजातीय विभूतियों का सम्मान, विजेता दलों को किया पुरस्कृत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पद्मश्री सम्मानित जनजातीय विभूतियों बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों की जानकारी भी ली।
6,691 गांवों में पहुंच रहीं विकास सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं पीएम-जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास पर काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के दूरस्थ इलाकों में नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसी योजनाओं के जरिए विकास को गति दी जा रही है। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित कर लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज से अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को बनाए रखने की अपील की।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।