रायपुर। शारदीय नवरात्रि की पंचमी के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम रायपुर के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी द्वारा 501 कन्याओं के भोज का भव्य आयोजन किया गया। पिछले सात वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत यह आयोजन पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 सहित गुरु गोविंद सिंह वार्ड, काली माता वार्ड, शंकर नगर वार्ड और सिविल लाइन वार्ड के आसपास के क्षेत्रों की कन्याओं के लिए किया गया।

इस अवसर पर आकाश तिवारी ने सभी 501 कन्याओं के चरण पखारकर, उन्हें पोंछकर और आलता-महावर लगाकर विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद सभी कन्याओं को महाप्रसाद के रूप में भोजन कराया गया।
भोजन के उपरांत प्रत्येक कन्या को माता रानी की चुनरी ओढ़ाई गई और उपहार भेंट किए गए। कन्याओं ने इस सेवा कार्य के लिए आशीर्वाद देते हुए कामना की कि आकाश तिवारी द्वारा यह सेवा इसी तरह निरंतर जारी रहे।
माता रानी की कृपा सभी पर बनी रहे, इसी मंगलकामना के साथ आयोजन संपन्न हुआ।