रायपुर। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान क्षेत्र स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना में 19 लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की खबर है। इस हृदयविदारक घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने मां दुर्गा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।
बारिश के बीच बिगड़े हालात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:40 बजे गिरिश पार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर पंडाल में प्रवेश के लिए इंतजार कर रहे लोग अंदर की ओर बढ़ने लगे। भीड़ के दबाव में कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
घटना के बाद पुलिस, दमकल, आपदा प्रबंधन और मेडिकल टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में 12 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें पूजा आयोजन से जुड़े कुछ लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पीड़ित परिवारों के लिए सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में विशेष कार्य बल (STF) गठित करने की दिशा में कदम उठाने की बात भी कही है।
घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूजा पंडाल को आगंतुकों के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से राहत एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाएं जारी हैं।