ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान से लदा एक बेकाबू ट्रक श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर के बाहरी गेट और दीवार से जा टकराया। हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर हुआ। नवरात्रि के चलते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। इसी दौरान ढलान वाली सड़क पर आया ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर अनियंत्रित हो गया और सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद ट्रक इस मार्ग पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। हादसे में मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और अन्य राहत वाहनों को मौके पर भेजा गया। ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए आरटीओ की टीम भी भेजी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक अचानक बेकाबू होकर आया और रास्ते में मौजूद लोगों तथा कुछ दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहत दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।